डाल-चढ़ावा की साड़ियों को लेकर विवाद, शादी टूटी, मारपीट में पांच घायल

बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित पचरुखा देवी मंदिर परिसर में सोमवार को शादी समारोह के दौरान डाल-चढ़ावा की साड़ियों को लेकर वर और कन्या पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें लड़की पक्ष की पांच महिलाएं घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी सहतवार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ तय हुई थी। विवाह समारोह के दौरान डाल-चढ़ावा में दी गई साड़ियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, 11 लोगों ने किया रक्तदान

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूल्हे और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने डंडे और धारदार हथियार से लड़की पक्ष पर हमला कर दिया। मारपीट में लड़की पक्ष की पांच महिलाएं घायल हो गईं।

घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को छोड़कर अन्य सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद दूल्हा और बाराती बिना शादी किए ही वापस लौट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.