सुलतानपुर में स्कूल की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, दो घायल

सुलतानपुर। जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव में प्राथमिक विद्यालय की जर्जर चारदीवारी गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कटघरापट्टी निवासी हरिराम उर्फ समारू (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरिराम का मकान स्कूल की चारदीवारी से सटा हुआ था। घर में मिट्टी भरवाने के लिए उन्होंने दीवार के पास मिट्टी डलवाई थी।

जानकारी के मुताबिक, जेसीबी से अधिकांश मिट्टी हटाने के बाद हरिराम और अन्य लोग बची हुई मिट्टी साफ कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और हरिराम मलबे में दब गए। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि खुशीराम (35) और रीमा (29) घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्कूल की दीवार लंबे समय से जर्जर हालत में थी और कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक सूबेदार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर एसडीएम मंजुल मयंक मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।

जिलाधिकारी इंद्रजीत ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि निर्माण या सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसे में स्कूल के सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.