- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- वाराणसी में दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान दुकानदार ने मकान के छज्जे पर आग लगाई
वाराणसी में दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान दुकानदार ने मकान के छज्जे पर आग लगाई
वाराणसी, फरवरी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान सोमवार को एक दुकानदार ने कथित तौर पर अपने मकान के छज्जे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में मार्ग चौड़ीकरण को लेकर कुछ दुकानदारों और भवन स्वामियों द्वारा पहले से विरोध किया जा रहा है। इस चरण में कुल 21 भवनों को ध्वस्त किया जाना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के बाद ही कार्रवाई की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीक्षण अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि जिन भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है, उन्हीं भवनों पर ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। संबंधित पक्षों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे।
विभाग के अनुसार, करीब 650 मीटर लंबे इस मार्ग को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। कुल 187 भवन चिन्हित किए गए हैं। चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होने और काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
