Ballia News : जनसमस्याओं को लेकर सपा का तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन, सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन

बलिया। विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी की बांसडीह विधानसभा इकाई ने गुरुवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन से पूर्व आयोजित बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के लोग बाढ़, कटान, बिजली, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और प्रशासनिक उपेक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

यह भी पढ़े - Road Accident in Ballia : सड़क हादसे में महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ज्ञापन में घाघरा नदी के तटवर्ती नवकागांव, खादीपुर, सुल्तानपुर, भोजपुरवा (टिकुलिया), रेंगहा, पुरानी बस्ती चांदपुर और महाराजपुर समेत कई गांवों में कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही कटान प्रभावित परिवारों को भूमि और आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

सपा नेताओं ने गोड़ और खरवार समुदाय के लोगों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

ज्ञापन में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किए जा रहे कथित मुकदमों पर भी नाराजगी जताई गई। पार्टी नेताओं ने पुलिस द्वारा राजनीतिक द्वेष के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए ऐसे मामलों पर रोक लगाने की मांग की।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उन्होंने जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। नेताओं का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से आम जनता परेशान है।

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने, सरकारी नलकूपों की मरम्मत, खाद, बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा जर्जर सड़कों की मरम्मत, पर्वतपुर रेगुलेटर पर फाटक लगाने, सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति तथा पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

सपा नेताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए मूल्य वृद्धि वापस लेने तथा पेट्रोल पंपों पर कथित अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, प्रदेश सचिव यशपाल सिंह, सुशील कुमार पांडेय, सुशांत राज पाठक, आशीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.