Ballia News : धनजी हत्याकांड में शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

बलिया : रेवती थाना क्षेत्र के कस्बा रेवती स्थित बीज गोदाम के पास रविवार रात सब्जी बेचने को लेकर हुई मारपीट में मृत धनजी तुरहा (50) का शव सोमवार शाम घर पहुंचते ही इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को त्रिमुहानी सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

वार्ड नंबर 6 निवासी धनजी तुरहा की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। घर पहुंचते ही महिलाएं रोने-बिलखने लगीं। वहीं मोहल्ले के लोग भी आक्रोशित हो गए और आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव न उठाने की बात कहते हुए सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए।

यह भी पढ़े - IPS अंशिका वर्मा और संभल SP केके बिश्नोई की लव स्टोरी, 28 मार्च को राजस्थान में होगी शादी

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान थानाध्यक्ष बैरिया राजेन्द्र प्रताप सिंह, दोकटी थाना प्रभारी प्रशांत चौधरी और चाइल्ड थाना प्रभारी राजेश बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद चार आरोपितों में से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष दो आरोपितों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे बाद परिजन और स्थानीय लोग धरना समाप्त करने पर राजी हुए, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.