Shahjahanpur News : शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने खाया जहर, किशोरी की मौत

खुटार (शाहजहांपुर) : थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक का 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। 6 मार्च की रात दोनों घर से चले गए थे। इस मामले में किशोरी के पिता ने 7 मार्च को युवक और उसके पिता के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में दोनों अपने-अपने घर लौट आए थे।

यह भी पढ़े - Etawah Crime : जीजा ने नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद 8 मार्च को युवक ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

उधर युवक के जहर खाने की खबर मिलने पर सोमवार सुबह किशोरी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने जहर खाने की बात बताई। परिजन उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। शाहजहांपुर से आई फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की ओर से पहले ही युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.