Ballia News : युवा संसद में आकांक्षा मिश्रा प्रथम, राजू कुमार यादव द्वितीय

बलिया : मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में सोमवार को नगर स्थित श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राजेंद्र प्रसाद सभागार में विकसित भारत जिला युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दयाला नंद राय और प्रो. अशोक सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

यह भी पढ़े - होली पर बलिया डीएम ने बालिका गृह में बांटी खुशियां, बच्चियों को खिलाई गुझिया और दिए नए कपड़े

युवा संसद के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता का विषय “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” रखा गया, जिस पर प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में आकांक्षा मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजू कुमार यादव द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अलावा शिप्रा सिंह तीसरे, मोनिका गुप्ता चौथे और महक पांडे पांचवें स्थान पर रहीं।

बताया गया कि ये पांचों प्रतिभागी इसी माह लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

विजेता प्रतिभागियों को कोषाधिकारी आनंद दुबे और एडीएम (नमामि गंगे) रजीत राम गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. दयाला नंद राय ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है, जिसका उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

एडीएम रजीत राम गुप्ता ने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी, जबकि कोषाधिकारी आनंद दुबे ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के आयोजक मेरा युवा भारत के निदेशक कपिल देव ने अतिथियों का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार केके पाठक, डॉ. केके सिंह, डॉ. रामकुमार और डॉ. आनंद द्विवेदी शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन नितेश पाठक ने किया, जबकि आभार ज्ञापन कपिल देव ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नवीन सिंह, गुप्तेश्वर प्रसाद, ओंकार सिंह, हिमांशु सहित कई लोग उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.