Badaun News : पुलिस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन हुई फ्री स्टाइल कुश्ती

बदायूं : पुलिस परेड ग्राउंड में महिला और पुरुष वर्ग की तीसरी अंतरजनपदीय कुश्ती क्लस्टर, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने मार्च पास्ट के बाद फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में बरेली जोन के नौ जिलों की पुलिस टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए गए।

यह भी पढ़े - बलिया के इस ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, नाम और जन्मतिथि बदलने का आरोप

पुरुष वर्ग की 61 किलोग्राम फ्री स्टाइल कुश्ती में बदायूं के जितेश ने पहला और रामपुर के बलबिंद्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 70 किलोग्राम वर्ग में बरेली के भोलाराम पहले और बदायूं के विशाल दूसरे स्थान पर रहे। 74 किलोग्राम वर्ग में बदायूं के अजय कश्यप ने पहला तथा बरेली के संदीप कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं 86 किलोग्राम वर्ग में बरेली के हरेंद्र पहले और बदायूं के अनुज दूसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती के 53 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की सपना ने पहला और बरेली की अनुराधा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 55 किलोग्राम वर्ग में मुरादाबाद की निशब पहले और शाहजहांपुर की आरती दूसरे स्थान पर रहीं। 62 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की भूरी पहले और शाहजहांपुर की श्रुति खेवाल दूसरे स्थान पर रहीं। 65 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की अनामिका ने पहला तथा बरेली की सुमन धीमान ने दूसरा स्थान हासिल किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सीओ उझानी, सीओ लाइन डॉ. देवेंद्र कुमार, सीओ दातागंज केके तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निर्णायक मंडल में शैवर अली खान, दिलीप जोशी, पुलिस कुश्ती कोच जितेंद्र राणा और राजीव कुमार शामिल रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.