- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia Murder : ईंट से मारकर किशोर की हत्या, बगीचे में मिला खून से लथपथ शव
Ballia Murder : ईंट से मारकर किशोर की हत्या, बगीचे में मिला खून से लथपथ शव
हल्दी (बलिया) : हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव के पास स्थित बगीचे में मंगलवार सुबह एक किशोर का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सोमवार शाम रितेश बारात में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात में वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह गांव के बाहर बगीचे में उसका शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि किशोर के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी ईंट, चप्पल और दूध का बर्तन भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि ईंट से वार कर उसकी हत्या की गई है।
बगीचे से गुजर रहे लोगों ने खून से सने किशोर को देखा और बगीचे के मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर और क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
परिजन थाने पहुंचकर रोते-बिलखते नजर आए और बेटे की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
