Ballia News: दो वर्ष पहले बनी सड़क की अनियमितताओं की जांच करने पहुंचे एडीएम

हल्दी, बलिया। गाजीपुर-हाजीपुर मार्ग पर हल्दी ढाले से बबुआपुर तक बनी सड़क में अनियमितताओं की शिकायत पर शनिवार को अपर जिला अधिकारी (एडीएम) डीपी सिंह ने जांच टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई स्थानों पर निर्माण में खामियां पाई गईं। कुछ जगहों पर सड़कें टूटी हुई मिलीं, जिसे देखकर एडीएम ने कार्यदायी संस्था को जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़े - बलिया में होगी ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ पर संगोष्ठी, देशभर के पत्रकार और शिक्षाविद होंगे शामिल

257.27 लाख की लागत से बनी थी सड़क

प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 257.27 लाख रुपये की लागत से हल्दी से बबुआपुर तक सीसी सड़क का निर्माण मई 2022 में शुरू हुआ था और मई 2023 में पूरा हुआ। इस सड़क का अनुरक्षण मई 2028 तक होना है, लेकिन शिकायत के अनुसार, कार्यदायी संस्था द्वारा अनुरक्षण अवधि के बावजूद मरम्मत का कार्य नहीं किया गया।

शिकायतों पर एडीएम की सख्ती

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। पटरियों पर सोलिंग का कार्य भी अधूरा है। एडीएम ने मौके पर मौजूद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता को निर्देश दिया कि सड़कों की मरम्मत और बाकी कार्य जल्द पूरे किए जाएं।

इस निरीक्षण में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और जल्द सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय लोगों ने एडीएम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और जल्द समाधान की उम्मीद जताई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.