बलिया में होगी ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ पर संगोष्ठी, देशभर के पत्रकार और शिक्षाविद होंगे शामिल

बलिया : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पत्रकारिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक मूल्यों पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन बलिया में किया जा रहा है। “चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि” विषय पर आयोजित होने वाली यह संगोष्ठी समाज में नैतिक मूल्यों में आ रही गिरावट के कारणों और उसके समाधान पर गंभीर चर्चा का मंच बनेगी। इसकी जानकारी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं चंद्रशेखर जन्मशताब्दी समारोह आयोजन समिति, बलिया के अध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि यह संगोष्ठी बापू भवन (टाउन हॉल), बलिया में आयोजित की जाएगी, जिसका ऐतिहासिक और सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व है। श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ने ‘यंग इंडियन’ पत्रिका के संपादक के रूप में अपने निर्भीक और स्पष्ट संपादकीय लेखों के जरिए देश-दुनिया के मुद्दों पर हमेशा बेबाक राय रखी। यह कार्यक्रम उन्हें एक प्रखर पत्रकार, चिंतक और लेखक के रूप में याद करने का अवसर होगा।

यह भी पढ़े - टाउन हॉल रोड स्थित मिर्ची रेस्टोरेंट में लगी आग, बड़ा हादसा टला

संगोष्ठी में देश के कई प्रतिष्ठित पत्रकार, लेखक और शिक्षाविद अपने विचार साझा करेंगे। इनमें वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मोहन मिश्रा (दिल्ली), सुरेश बहादुर सिंह, प्रोफेसर कृपाशंकर चौबे, डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा और वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव प्रमुख रूप से शामिल होंगे। वक्ता समकालीन सार्वजनिक जीवन में चंद्रशेखर के विचारों की प्रासंगिकता और उनके मूल्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डालेंगे।

श्याम बहादुर सिंह ने युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि चंद्रशेखर के विचार, संघर्ष और सामाजिक मूल्य आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके सार्वजनिक जीवन को नई दिशा देने में सहायक साबित हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.