- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, दो चरणों में होगा कार्य : डीएम ने दिए प्रशिक्षण और स्वगणना के निर्देश
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, दो चरणों में होगा कार्य : डीएम ने दिए प्रशिक्षण और स्वगणना के निर्देश
बलिया। जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम और समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण की सूची तैयार कर प्रत्येक तहसील स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण के बाद कर्मियों की परीक्षा ली जाएगी और असफल होने पर उन्हें पुनः प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारियों को जनगणना कार्य का नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों को स्वगणना के लिए प्रेरित करें। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वयं स्वगणना करने और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से भी यह कार्य अनिवार्य रूप से कराने को कहा, ताकि जनगणना पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न हो सके।
