- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- 7वीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन: केन्या के केफर लुंबासी ने जीती ट्रॉफी, बलिया के दो धावक टॉप-10 में शामिल
7वीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन: केन्या के केफर लुंबासी ने जीती ट्रॉफी, बलिया के दो धावक टॉप-10 में शामिल
बलिया : पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर की स्मृति में रविवार को आयोजित 21 किलोमीटर की 7वीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन में केन्या के धावक केफर लुंबासी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सवा लाख रुपये की इनामी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रयागराज के सचिन यादव दूसरे और केन्या के केबिछी वाइजली तीसरे स्थान पर रहे। खास बात यह रही कि फिनिशिंग लाइन तक पहुंचे शीर्ष 10 धावकों में बलिया के दो खिलाड़ी भी शामिल रहे।
दौड़ शुरू होते ही केन्या के धावकों ने बढ़त बना ली। 240 नंबर की जर्सी पहने केफर लुंबासी ने 59 मिनट 05 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने पचखोरा से लेकर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम तक लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी।
प्रयागराज के सचिन यादव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंत तक केफर को कड़ी टक्कर दी, लेकिन महज 32 सेकंड से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे। 230 नंबर की जर्सी पहने सचिन ने 59 मिनट 37 सेकंड में दौड़ पूरी की। तीसरे स्थान पर केन्या के केबिछी वाइजली रहे, जिन्होंने 1 घंटा 53 सेकंड में अपनी दौड़ समाप्त की।
वाराणसी के अनिल पटेल चौथे, जुगनू कुमार पांचवें, अभिषेक प्रजापति छठे और केन्या के चेपके वांग सातवें स्थान पर रहे। बलिया के सोनू कुमार राजभर ने आठवां और नीतीश कुमार ने नौवां स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। मध्यप्रदेश के पंकज पटेल दसवें स्थान पर रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। प्रथम विजेता केफर लुंबासी को 1 लाख 25 हजार रुपये, द्वितीय विजेता सचिन यादव को 65 हजार रुपये और तृतीय विजेता केबिछी वाइजली को 35 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। प्रथम से 30वें स्थान तक के धावकों को पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी द्वेष की राजनीति नहीं की, बल्कि मूल्यों और देशहित की राजनीति की। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी का व्यक्तित्व अद्वितीय था और आज भी उनके विचार युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार चंद्रशेखर जी की जन्म शताब्दी वर्ष को पूरे देश में धूमधाम से मनाने जा रही है। बलियावासियों को भी पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इस शताब्दी वर्ष को यादगार बनाना चाहिए।
सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने कहा कि जननायक चंद्रशेखर हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को उनके आदर्शों और विचारों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की मैराथन प्रतियोगिताएं स्वस्थ भारत और सशक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
पूरे रूट पर पचखोरा, आसन, जयनगर, भरखरा, सुखपुरा, सोबईबंध, करनई, धरहरा, हनुमानगंज और अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने धावकों का उत्साहवर्धन किया। जगह-जगह पानी और आवश्यक सुविधाओं के स्टॉल लगाए गए थे। मैराथन के साथ एंबुलेंस और ट्रैफिक नियंत्रण की भी बेहतर व्यवस्था रही।
