मथुरा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने जहर खाकर दी जान

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन तहसील अंतर्गत खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में 35 वर्षीय किसान मनीष, उसकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय पुत्र पंकज शामिल हैं। सभी के शव सोमवार सुबह उनके घर के अंदर पाए गए।

यह भी पढ़े - बलिया की डॉ. नलिनी सिंह का KGMU में चयन

पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसके अलावा घर की दीवार पर लिखा मिला है— “अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।” प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की पुष्टि हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मनीष की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव निवासी सीमा से हुई थी। वह अपने परिवार के साथ अलग मकान में रहता था, जबकि उसके अन्य भाई गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.