- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- भृगु काशी में हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन : महायज्ञ और गंगा महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
भृगु काशी में हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन : महायज्ञ और गंगा महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
बलिया : मोक्षदायिनी गंगा के हुकुम छपरा घाट पर महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम के तत्वावधान में चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के छठे दिन हनुमान जन्मोत्सव ऐतिहासिक उत्साह के साथ मनाया गया। महायज्ञ, वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य गंगा महाआरती के दिव्य संगम ने हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आचार्य मोहित पाठक ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने विशेष दिनों को पाश्चात्य शैली में मनाने के बजाय गंगा तट पर पूजा-अर्चना, शिवार्चन और गंगा महाआरती से जोड़ने का संदेश दिया।
उन्होंने मां गंगा की निर्मलता, अखंडता और स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गंगा हमारी सभ्यता की जीवनरेखा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया कि वे न तो स्वयं गंगा को प्रदूषित करेंगे और न ही किसी अन्य को ऐसा करने देंगे।
हनुमान जन्मोत्सव के दौरान पूरा घाट ‘जय श्रीराम’ और ‘वीर हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। आचार्य ने बजरंगबली से सभी के लिए सद्बुद्धि, ऊर्जा और लोककल्याण की कामना की, ताकि गुरुकुल के माध्यम से शुरू हुआ यह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहे।
