लखनऊ : केशव मौर्य का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- हार का शतक लगाने की जल्दी

लखनऊ : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी “हार का शतक लगाने की जल्दबाजी” है और असम में भाजपा की जीत उनकी यह इच्छा जरूर पूरी करेगी।

केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पर कहा कि असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी से राहुल गांधी ने साबित कर दिया है कि सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में उनका अनुभव कुंठा से भरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आम आदमी ही नहीं, बल्कि संवैधानिक पद पर बैठे जिम्मेदार व्यक्तियों का भी अपमान कर सकते हैं।

यह भी पढ़े - उत्तर प्रदेश में 27 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के कप्तान बदले

मौर्य ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा पर की गई यह टिप्पणी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर का अपमान है। उन्होंने दावा किया कि असम विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है और राहुल गांधी की “हार का शतक” वाली ख्वाहिश वहीं पूरी होगी।

गौरतलब है कि एक दिन पहले असम के बोकाजान क्षेत्र में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने हिमंता बिस्वा सरमा को “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मिलकर राज्य में “लैंड एटीएम” चला रहे हैं और आम लोगों की जमीन बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.