सीतापुर : नशे में बड़े भाई ने छोटे भाई पर बरसाईं गोलियां, हालत गंभीर

सीतापुर : महोली कोतवाली क्षेत्र के कैम्हरा रघुबर दयाल गांव में शुक्रवार देर शाम पारिवारिक विवाद ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब एक बड़े भाई ने शराब के नशे में अपने ही छोटे भाई को कई गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय चुम्मन दिल्ली से गांव में आयोजित गार्गी देवी पूजा में शामिल होने तीन दिन पहले ही घर आया था। शुक्रवार शाम उसका बड़ा भाई कौशल उर्फ नन्हे नशे की हालत में घर पहुंचा और उससे गाली-गलौज करने लगा। मामूली कहासुनी बढ़ने पर कौशल ने तमंचा निकाल लिया और चुम्मन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

यह भी पढ़े - बलिया में दो पक्षों में मारपीट, ट्रक चालक की मौत, चार घायल

फायरिंग में चुम्मन के सीने, हाथ और पैर में गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूजा का माहौल मातम में बदल गया।

सूचना मिलते ही एएसपी दुर्गेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वारदात के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.