बलिया का लाल बना फ्लाइंग ऑफिसर, CDS में 27वीं रैंक से बढ़ाया जिले का मान

बलिया : बेल्थरारोड क्षेत्र के बभनियाव (अखोप) गांव निवासी सौरभ कुमार यादव ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सीडीएस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया मेरिट में 27वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ सौरभ अब भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनेंगे।

सौरभ, विजय चंद यादव के पुत्र हैं, जो भारतीय सेना से नायक सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सैनिक परिवार में पले-बढ़े सौरभ को बचपन से ही अनुशासन, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार मिले, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

यह भी पढ़े - बलिया में लाठी-डंडों से पीटकर वृद्ध की हत्या, खेत विवाद की आशंका

उनकी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, नेहरू रोड लखनऊ से हुई। इसके बाद उन्होंने गलगोटिया कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की, जो एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से संबद्ध है। वर्तमान में उनके माता-पिता लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में रहते हैं।

सौरभ के परिवार में शिक्षा का विशेष माहौल है। उनकी एक बड़ी बहन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं, जबकि दूसरी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।

सौरभ की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल है। सैनिक पिता के संस्कार और बेटे की मेहनत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.