- Hindi News
- भारत
- MP Weather News: मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी, 15 जिलों में बूंदाबांदी के आसार
MP Weather News: मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी, 15 जिलों में बूंदाबांदी के आसार
भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग ने प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव के कारण 29 जनवरी को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 15 जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना नहीं है। फरवरी की शुरुआत में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
1 से 4 फरवरी के बीच पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसमें रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के जिले शामिल हैं। 29 जनवरी को भोपाल, इंदौर, छिंदवाड़ा, सीहोर, पन्ना, राजगढ़, सिंगरौली, रीवा, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार को सुबह और रात में ठंड का असर रहेगा, जबकि दिन में धूप खिलेगी।
ठंड का हाल
सोमवार की रात कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उमरिया में 4.8 डिग्री, सिंगरौली के देवरा में 5.3 डिग्री, राजगढ़ में 5.6 डिग्री, शाजापुर और मंडला में 6 डिग्री, नौगांव में 6.6 डिग्री, सतना और खजुराहो में 7 डिग्री, पचमढ़ी में 7.8 डिग्री, रीवा और रायसेन में 8 डिग्री, जबकि गुना और टीकमगढ़ में 8.2 डिग्री तापमान रहा।
दमोह और सीधी में 8.6 डिग्री, मलाजखंड में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 6.3 डिग्री रहा। भोपाल में 8.3 डिग्री, जबलपुर में 7.4 डिग्री, इंदौर में 12.5 डिग्री और उज्जैन में 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
