Heat Wave: वाराणसी में भीषण गर्मी का कहर, राहत के लिए लगाए गए ग्रीन शेड और वाटर एटीएम

वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण शहर में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ग्रीन शेड लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को धूप से राहत मिल सके। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है और 17 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

यह भी पढ़े - भीषण गर्मी से तप रही काशी, घाटों पर पसरा सन्नाटा; पर्यटक भी परेशान

दशाश्वमेध, गोदौलिया, गिरजाघर समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में गर्मी से राहत देने के लिए मिस्ट गन भी लगाई गई हैं। इनसे पानी की महीन फुहार छोड़ी जा रही है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काशी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रही, जबकि उत्तर प्रदेश में यह चौथा सबसे गर्म शहर रहा। तेज लू और चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखी गई।

गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी विद्यालयों को 19 मई से 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार इंटरमीडिएट तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। साथ ही समर कैंप और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन पर भी रोक लगा दी गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.