- Hindi News
- भारत
- राजस्थान में छह अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के आसार
राजस्थान में छह अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के आसार
जयपुर। राजस्थान में छह अप्रैल से एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। विभाग ने प्रभावित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने बताया कि छह अप्रैल से नया मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर सात और आठ अप्रैल तक बना रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि किसानों के लिए यह मौसम चिंता बढ़ाने वाला हो सकता है, क्योंकि रबी की फसलें कटाई के दौर में हैं।
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे कट चुकी फसल और मंडियों में खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान कम किया जा सके।
