- Hindi News
- मनोरंजन
- 25 साल पूरे होने पर ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का जश्न, ज़ी सिनेमा, ज़ी बॉलीवुड और ज़ी स्टूडियोज़ करेंगे खा...
25 साल पूरे होने पर ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का जश्न, ज़ी सिनेमा, ज़ी बॉलीवुड और ज़ी स्टूडियोज़ करेंगे खास प्रसारण
मुंबई। पच्चीस साल पहले आई एक ऐसी फिल्म, जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़े बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में अपनी अमिट पहचान बनाई। निर्देशक अनिल शर्मा की कालजयी फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ ने अपने शानदार 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस खास अवसर पर ज़ी सिनेमा, ज़ी बॉलीवुड और ज़ी स्टूडियोज़ उस फिल्म की विरासत का जश्न मना रहे हैं, जिसने करोड़ों दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।
ज़ी स्टूडियोज़ के लिए यह फिल्म इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इसी फिल्म से उसके सिनेमाई सफर की शुरुआत हुई थी। पिछले 25 वर्षों में ‘गदर: एक प्रेम कथा’ सिनेमाघरों, टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नई पीढ़ियों तक पहुंचती रही है। इसके दमदार संवाद, यादगार किरदार और भावनात्मक दृश्य आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं।
इस विशेष अवसर पर दर्शक फिल्म का आनंद 15 जून को दोपहर 2 बजे ज़ी सिनेमा और रात 8 बजे ज़ी बॉलीवुड पर ले सकेंगे।
फिल्म की सफलता और उसके प्रभाव पर अभिनेता सनी देओल ने कहा, “तारा सिंह ने मुझे दर्शकों के साथ ऐसा रिश्ता दिया, जो समय के साथ और मजबूत होता गया। 25 साल बाद भी ‘गदर’ के लिए लोगों का प्यार उतना ही जबरदस्त है। किसी भी कलाकार के लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता। हिंदुस्तान जिंदाबाद था, हिंदुस्तान जिंदाबाद है और हिंदुस्तान जिंदाबाद रहेगा।”
अमीषा पटेल ने कहा, “सकीना हमेशा मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहेगी। इतने वर्षों बाद भी दर्शकों को इस किरदार और कहानी को इतना प्यार देते देखना मेरे लिए बेहद भावुक क्षण है।”
फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल के बेटे की भूमिका निभाने वाले उत्कर्ष शर्मा ने कहा कि यह उनकी पहली फिल्म थी और इस दौरान उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा, “हमने ‘गदर’ को पूरी ईमानदारी और भावनाओं के साथ बनाया था। दर्शकों ने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं रहने दिया, बल्कि इसे एक विरासत बना दिया। 25 साल बाद भी मिल रहा प्रेम हम सभी को विनम्र बनाता है।”
आज 25 साल बाद भी ‘गदर: एक प्रेम कथा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा और दर्शकों के बीच उस अटूट रिश्ते की मिसाल है, जिसने इसे सदाबहार क्लासिक का दर्जा दिलाया है।
