Ballia News : बांसडीह में अधिवक्ता के दरवाजे से सेकेंडों में चोरी हुई बाइक, CCTV में कैद हुआ चोर

बांसडीह, बलिया। बांसडीह कस्बे के वार्ड संख्या-15 में शुक्रवार देर रात एक चोर ने अधिवक्ता गोपाल मिश्रा के घर के बाहर खड़ी बाइक को महज कुछ सेकेंड में लॉक तोड़कर चोरी कर लिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर की करतूत साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता गोपाल मिश्रा की बाइक उनके घर के दरवाजे के बगल में सीढ़ियों के नीचे खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक पहले बाइक के पास आया और कुछ देर बाद वापस लौट गया। दोबारा आने पर उसने किसी औजार या चाबी की मदद से करीब दो सेकेंड में बाइक का लॉक खोल दिया।

यह भी पढ़े - बलिया: करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा

इसके बाद चोर ने बाइक को किक मारकर स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इसके बाद वह बाइक को हाथों से धकेलते हुए वहां से फरार हो गया।

सुबह जब परिजनों को बाइक चोरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। खास बात यह है कि चोरी की यह वारदात तहसील गेट और कोतवाली के बेहद करीब मुख्य मार्ग पर हुई है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित अधिवक्ता ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर मामले की जांच में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.