'यादें' में बड़ा खुलासा, देव और वाणी की प्रेम कहानी का सामने आएगा सच

मुंबई। सोनी सब के लोकप्रिय शो 'यादें' में आने वाले एपिसोड्स दर्शकों के लिए कई भावनात्मक मोड़ लेकर आने वाले हैं। शो की कहानी अब एक ऐसे खुलासे की ओर बढ़ रही है, जो डॉ. देव मेहता, डॉ. सृष्टि और डॉ. वाणी की जिंदगी को पूरी तरह बदल देगा।

कहानी के अनुसार, आठ साल की याददाश्त खो चुके डॉ. देव मेहता अपने अतीत की तलाश में जुटे हैं। वह उस महिला की पहचान जानना चाहते हैं, जिससे वह कभी प्यार करते थे और शादी करने वाले थे। एक दर्दनाक हादसे के बाद उनकी यादें मिट गई थीं, जिसके कारण उनका अतीत रहस्य बनकर रह गया।

यह भी पढ़े - मनाली की बर्फीली वादियों में रोमांस और एक्शन का संगम, 'मिस्टर एंड मिसेज परशुराम' की टीम ने साझा किए अनुभव

आने वाले एपिसोड्स में डॉ. सृष्टि की मदद से देव अपने अतीत के बिखरे हुए टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान एक चौंकाने वाली सच्चाई सामने आती है। सभी सुरागों को जोड़ने के बाद डॉ. सृष्टि को पता चलता है कि जिस रहस्यमयी महिला की तलाश देव कर रहे हैं, वह कोई और नहीं बल्कि डॉ. वाणी हैं।

यह सच सामने आने के बाद सृष्टि को एहसास होता है कि देव और वाणी का रिश्ता कितना गहरा था और देव की याददाश्त खोने के बाद वाणी ने किस तरह अपने दर्द को चुपचाप सहा है।

अब दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सृष्टि देव और वाणी को फिर से एक-दूसरे के करीब लाने में सफल होगी या यह खुलासा उनकी जिंदगी में नई चुनौतियां और भावनात्मक संघर्ष लेकर आएगा।

डॉ. सृष्टि का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री गुलकी जोशी ने कहा कि यह खुलासा उनके किरदार के लिए बेहद भावनात्मक और अप्रत्याशित है। उनके अनुसार, इस सच्चाई के सामने आने के बाद सृष्टि को देव और वाणी के रिश्ते की गहराई और वाणी के दर्द का वास्तविक एहसास होता है।

उन्होंने बताया कि आने वाले एपिसोड्स में तीनों किरदारों के भावनात्मक संघर्ष और रिश्तों की संवेदनशीलता को बेहद प्रभावशाली ढंग से दिखाया जाएगा, जिससे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे।

दर्शक यादें को हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर देख सकते हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.