- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ में नई लीड बनेंगी श्रुति शर्मा, बोलीं- “यह मेरे लिए सपने जैसा”
‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ में नई लीड बनेंगी श्रुति शर्मा, बोलीं- “यह मेरे लिए सपने जैसा”
मुंबई, मई 2026 : भारतीय टेलीविज़न के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘ऑफिस ऑफिस’ का दूसरा सीज़न जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। इस बहुप्रतीक्षित वापसी में अभिनेत्री श्रुति शर्मा मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। अपने व्यंग्यात्मक अंदाज और सरकारी दफ्तरों की जमीनी सच्चाइयों को हास्य के जरिए दिखाने वाले इस शो की वापसी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
उन्होंने कहा, “जिस शो को देखकर मैं बड़ी हुई, आज उसी शो की लीड बनना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। शूटिंग के दौरान पूरा अनुभव बेहद नॉस्टैल्जिक रहा।”
श्रुति ने उम्मीद जताई कि दर्शक नए सीज़न को भी उतना ही प्यार देंगे, जितना पहले सीज़न को मिला था। उन्होंने कहा कि जैसे पुराने किरदार दर्शकों के बचपन का हिस्सा बन गए थे, वैसे ही वह भी चाहती हैं कि उनका किरदार नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बने।
श्रुति शर्मा इससे पहले ‘गठबंधन’, ‘नज़र 2’, ‘नमक इश्क का’ और ‘मिट्टी’ जैसे धारावाहिकों में अपने अभिनय का दम दिखा चुकी हैं। अब तक गंभीर और भावनात्मक भूमिकाओं में नजर आने वाली श्रुति इस बार पूरी तरह कॉमिक अंदाज में दिखाई देंगी।
प्राइम टाइम स्लॉट, पुराने शो की यादों और नए दौर के हास्य के मेल के साथ ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ को इस साल के चर्चित टीवी शोज़ में माना जा रहा है। यह शो जल्द ही दूरदर्शन और वेव्स ओटीटी पर प्रसारित किया जाएगा।
