- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : बाबा बालखंडी नाथ धाम में शिवमहापुराण कथा, उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने किया श्रद्धाल...
Ballia News : बाबा बालखंडी नाथ धाम में शिवमहापुराण कथा, उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने किया श्रद्धालुओं का अभिवादन
बलिया: बाबा बालखंडी नाथ धाम में आयोजित श्री शिवमहापुराण महाकथा के सातवें दिन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह कथा स्थल पहुंचे और भोजपुरी में श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। मंच से उन्होंने कहा, “रउआ सबके प्रणाम। बलिया में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिवमहापुराण कथा सुनना हम सबके लिए बड़ा सौभाग्य है। इस पावन आयोजन के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह साधुवाद के पात्र हैं।”
हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि वह बलिया के अंतिम गांव जयप्रकाश नगर के निवासी हैं और यह धरती अनेक महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय, मंगल पांडेय, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को याद करते हुए बलिया की गौरवशाली विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले बाबू मैनेजर सिंह के परिवार से जुड़े हैं और उनकी माता तेतरी देवी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
उन्होंने यह भी बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस आयोजन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अचानक आवश्यक कार्य आने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
मनोज पांडेय ने कहा कि बाबा बालखंडी नाथ धाम की शिवमहापुराण कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण का माध्यम बन गई है। इसके माध्यम से लोगों में सेवा, संयम, सदाचार और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
कथा के दौरान पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की कथा का श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें।
इस अवसर पर आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व मंत्री नारद राय, जितेंद्र राव, सोनू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
