- Hindi News
- बिजनेस
- एक्सिस बैंक ने मोबाइल नंबर अपडेट के लिए ‘आधार फेस ऑथेंटिकेशन’ सुविधा शुरू की
एक्सिस बैंक ने मोबाइल नंबर अपडेट के लिए ‘आधार फेस ऑथेंटिकेशन’ सुविधा शुरू की
नागपुर : एक्सिस बैंक ने अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप पर ‘आधार फेस ऑथेंटिकेशन’ के जरिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेट करने की नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। इस पहल के साथ बैंक देश के बड़े निजी बैंकों में ऐसा करने वाला पहला बैंक बन गया है, जिसने ग्राहकों को घर बैठे खुद (DIY) मोबाइल नंबर बदलने का सुरक्षित विकल्प दिया है।
कैसे करें मोबाइल नंबर अपडेट?
पहले चरण में ग्राहक नया मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे। दूसरे चरण में UIDAI के AadhaarFaceRD ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन होगा, जिसमें फ्रंट कैमरे से लाइव फोटो कैप्चर कर पहचान सत्यापित की जाएगी। तीसरे चरण में नए मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज कर पुष्टि करनी होगी।
बैंक ने बताया कि फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक ग्राहक की लाइव फोटो का मिलान आधार डेटाबेस में मौजूद फोटो से करती है, जिससे पहचान सत्यापन का यह तरीका बेहद सुरक्षित बनता है। सुरक्षा की अतिरिक्त परत के तौर पर मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद पहले 24 घंटे के लिए मोबाइल बैंकिंग ट्रांजैक्शन लिमिट डिफॉल्ट स्तर पर रीसेट कर दी जाएगी।
एक्सिस बैंक के ग्रुप एग्जीक्यूटिव समीर शेट्टी ने कहा कि यह पहल बैंक की डिजिटल-फर्स्ट और सेफ बैंकिंग रणनीति का अहम हिस्सा है। उनके अनुसार, इस सुविधा से ग्राहकों को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद सेल्फ-सर्विस अनुभव मिलेगा, साथ ही डिजिटल धोखाधड़ी के जोखिम को भी कम किया जा सकेगा।
बैंक का कहना है कि यह नई सुविधा उसके सेफ बैंकिंग इकोसिस्टम को और मजबूत करेगी, जिसमें पहले से सेफ्टी सेंटर, लॉक एफडी और इन-ऐप मोबाइल ओटीपी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
