Sambhal News: घर में घुसकर चोरों ने लाखों की चोरी, पीछा करने पर की फायरिंग

संभल। ऐचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र में चोरों ने दो ग्रामीणों के घरों में घुसकर नकदी और जेवर सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। जब ग्रामीणों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो चोर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

थाना क्षेत्र के गांव ऐचवाडा डींगर में महकार सिंह और महाराज सिंह के मकान गांव से बाहर जंगल में गैलुआ जाने वाले रास्ते पर स्थित हैं। सोमवार देर रात चोरों ने लोहे की ग्रिल तोड़कर खिड़की के रास्ते महकार सिंह के घर में प्रवेश किया। अलमारी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद और जेवर चुरा लिए। इसके बाद दीवार कूदकर चोर महाराज सिंह के घर पहुंचे। जीने का दरवाजा अंदर से बंद कर छत पर बने कमरे में घुसकर संदूक से दो हजार रुपये नकद और जेवर चोरी कर लिए।

यह भी पढ़े - गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा : बस का टायर बदल रहे यात्रियों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत

चोरी के दौरान हुआ शोर

चोरी के बाद जब चोर दीवार कूदकर भागने लगे, तो महाराज सिंह के भाई नरेंद्र सिंह की अचानक आंख खुल गई। उन्होंने चोरों को देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर महाराज और नरेंद्र सिंह ने दरवाजा खोलकर चोरों का पीछा किया। खुद को पकड़ता देख चोर फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। महकार सिंह और महाराज सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर नकदी और जेवर बरामद करने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चोरी हुए सामान की कुल कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.