- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रयागराज
- प्रयागराज में मकान विवाद को लेकर पथराव, थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल
प्रयागराज में मकान विवाद को लेकर पथराव, थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के शाहगंज क्षेत्र में मकान विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच सोमवार शाम पथराव हो गया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि हाल ही में एक पक्ष ने मकान की जर्जर स्थिति को लेकर नगर निगम में शिकायत की थी। इसी आधार पर सोमवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
इस दौरान हुए पथराव में शाहगंज थानाध्यक्ष कपिल कुमार के सिर में चोट लग गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस आयुक्त मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना के संबंध में चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
