जनगणना 2027 की तैयारी : बलिया में 110 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण

बलिया, भारत की जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की तैयारियों के क्रम में सोमवार को फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

प्रशासन ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 110 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया। ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगे जिले की विभिन्न तहसीलों में जाकर लगभग 8,256 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।

यह भी पढ़े - Ballia News : युवक पर प्राणघातक हमला, चार नामजद समेत आठ पर मुकदमा

अधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक कराया जाएगा, जबकि स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकान गणना और जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं के साथ-साथ आंकड़ों के सटीक संकलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनरों से अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके सफल संचालन में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना अधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी जनगणना अधिकारी मानदेश कुमार चौरसिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.