Prayagraj News : मां ने पांच माह के बेटे की पत्थर से हत्या कर शव लकड़ियों के ढेर में छिपाया

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने पांच माह के मासूम बेटे की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला ने बच्चे के शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया।

पुलिस के अनुसार घटना सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव की है। गांव निवासी संतोष यादव खेती-बाड़ी करते हैं। करीब पांच माह पहले उनकी पत्नी मनोरमा ने बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम ईश्वर रखा गया था।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदल रहा समाज – सीडीओ देवयानी

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद संतोष काम पर चले गए। घर में मनोरमा, उसका पांच माह का बेटा और संतोष के बाबा मौजूद थे।

शाम के समय बच्चे के रोने की आवाज न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। टिनशेड वाले कमरे में लकड़ियों के ढेर के नीचे बच्चे का शव मिला। आसपास खून फैला हुआ था और शव क्षत-विक्षत हालत में था।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि गुस्से में आकर उसने बेटे पर पत्थर से वार कर दिया। पत्थर लगने से बच्चे का पेट फट गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्चे के बाबा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.