Prayagraj News: मौनी अमावस्या पर इन नियमों का पालन करें, अपनी लेन में रहें और घाट पर ही स्नान करें

Prayagraj News: महाकुंभ के पवित्र मौनी अमावस्या स्नान के अवसर पर करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन और कुंभ पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। सभी श्रद्धालुओं को संयम और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मेला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, और विशेष डॉक्टरों की टीमें 24 घंटे श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैनात हैं।

पुलिस का सहयोग करें

महाकुंभनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि मौनी अमावस्या के स्नान को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, सजग रहें और किसी भी समस्या में पुलिस से सहायता लें। पुलिस और प्रशासन पूरे समय मदद के लिए तत्पर हैं।

यह भी पढ़े - प्रयागराज में सनसनी : सगाई टूटने से नाराज युवक ने CM योगी को बम से उड़ाने की दी धमकी, गिरफ्तार

क्राउड मैनेजमेंट: क्या करें

1. संगम घाट जाने के लिए निर्धारित लेन का ही उपयोग करें।

2. गंगा स्नान करते समय अपनी लेन में ही बने रहें।

3. स्नान और दर्शन के बाद सीधे पार्किंग की ओर प्रस्थान करें।

4. मंदिरों में दर्शन करते समय अपनी निर्धारित लेन में चलें।

5. किसी भी समस्या या आवश्यकता पर पुलिस की मदद लें।

6. ट्रैफिक पुलिस आपकी सहायता के लिए तत्पर है।

7. स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर नजदीकी सेक्टर हॉस्पिटल में जांच कराएं।

8. बैरिकेडिंग और पांटून पुलों पर धैर्य बनाए रखें, जल्दबाजी और धक्का-मुक्की से बचें।

9. इको-फ्रेंडली बर्तनों, कागज, जूट या कुल्हड़ों का ही उपयोग करें।

10. जिस घाट पर पहुंचें, वहीं स्नान करें, क्योंकि सभी घाट संगम घाट हैं।

क्या न करें

1. किसी एक स्थान पर भीड़ जमा न करें।

2. आने और जाने वाले श्रद्धालु आमने-सामने न पड़ें।

3. मेले में फैलाई गई अफवाहों से बचें।

4. सोशल मीडिया पर फैले भ्रम या अफवाहों पर विश्वास न करें।

5. मंदिरों में दर्शन के दौरान हड़बड़ी न दिखाएं।

6. रास्तों पर या होल्डिंग एरिया के अलावा कहीं और रुकावट न करें।

7. व्यवस्था को लेकर किसी बहकावे में न आएं।

8. किसी प्रकार की भ्रामक खबरों को आगे न बढ़ाएं।

9. स्नान के दौरान किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें।

10. प्लास्टिक की पन्नियों और बर्तनों का उपयोग करने से बचें।

श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे संयम और धैर्य के साथ कुंभ मेले में शामिल हों और मेला प्रशासन की व्यवस्था का पालन करें। पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.