महाशिवरात्रि पर माघ मेले के अंतिम स्नान में उमड़ा जनसैलाब

प्रयागराज में अब तक 50 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

प्रयागराज : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर तीर्थराज प्रयागराज में आयोजित विश्व के सबसे बड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन माघ मेले का आज भव्य समापन हो रहा है। संगम की रेती पर लगे माघ मेले के 44वें और अंतिम दिन, छठवें एवं अंतिम स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही त्रिवेणी संगम के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार रविवार सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में आगमन और गंगा स्नान का क्रम लगातार जारी है। अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। ग्रह-नक्षत्रों के विशेष संयोग के कारण इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत फलदायी माना जा रहा है। इस दिन अन्न, वस्त्र और स्वर्ण दान का विशेष धार्मिक महत्व है।

यह भी पढ़े - कानपुर में घरेलू विवाद में सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की हत्या की

प्रशासन अलर्ट, एक करोड़ श्रद्धालुओं का अनुमान

माघ मेले के अंतिम स्नान पर्व को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन का अनुमान है कि महाशिवरात्रि पर करीब एक करोड़ श्रद्धालु संगम स्नान करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

ग्राउंड जीरो पर अफसर, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सभी घाटों पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें, प्रशिक्षित नाविक और गोताखोर सभी घाटों पर तैनात हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए गए हैं।

पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। माघ मेले में बनाए गए साढ़े तीन किलोमीटर लंबे घाटों पर श्रद्धालु सुचारु रूप से स्नान कर रहे हैं।

400 CCTV और AI कैमरों से निगरानी

मेले की सुरक्षा के लिए यूपी पुलिस, पीएसी और आरएएफ के साथ-साथ एटीएस कमांडो भी तैनात किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में करीब 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 150 से अधिक अत्याधुनिक एआई कैमरे शामिल हैं।

महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु संगम स्नान के बाद शहर के विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर रहे हैं। मंदिरों में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

22 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान, बना रिकॉर्ड

गौरतलब है कि माघ मेला 2026 के दौरान अब तक 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। महाशिवरात्रि के इस अंतिम स्नान पर्व के साथ ही माघ मेला 2026 का औपचारिक समापन हो जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.