बलिया में उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर का शानदार आगाज

बलिया : हुगली (पश्चिम बंगाल) में 24 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित होने वाली 46वीं सब-जूनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने वाली उत्तर प्रदेश बालक एवं बालिका वॉलीबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में हुआ।

खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के समन्वय से आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर 13 फरवरी से 22 फरवरी तक चलेगा। शिविर का उद्घाटन जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़े - बलिया में शहीद प्रवीण कुमार सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, विधायक केतकी सिंह ने स्मृति द्वार के लिए किया भूमि पूजन

जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की टीमें प्रत्येक आयु वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीत रही हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सब-जूनियर टीम भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण शिविर में उत्तर प्रदेश टीम के लिए चयनित 18 बालक और 18 बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 22 फरवरी को टीम का अंतिम चयन किया जाएगा, जिसके बाद 23 फरवरी को उत्तर प्रदेश बालक एवं बालिका टीम हुगली (पश्चिम बंगाल) के लिए रवाना होगी।

उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश टीम के प्रशिक्षक सचिन पूनिया, सच्चिदानंद राय, प्रदीप यादव, अनिल सिंह, अजय राज सिंह, धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद गयासुद्दीन, रोहित भारद्वाज, कबीन्द्र यादव, राम कुमार यादव सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव ने किया, जबकि संचालन जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.