- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में चेतावनी के बाद भी कमियां बरकरार, CDO ने चार कर्मचारियों का वेतन रोका
बलिया में चेतावनी के बाद भी कमियां बरकरार, CDO ने चार कर्मचारियों का वेतन रोका
बलिया : मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ओजस्वी राज ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूर्व में दी गई चेतावनी के बावजूद कमियां पाए जाने पर उन्होंने कक्ष संख्या-16 (डीडीओ कार्यालय) में अलमारियों पर पत्रावलियों का विवरण अंकित न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चार कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएसडब्ल्यूओ, डीडीडब्ल्यूओ, डीपीआरओ और कृषि रक्षा कार्यालय सहित कक्ष संख्या 9, 10, 12, 14, 15 और 19 में अलमारियों पर विवरण चिप्पक (स्लिप) न पाए जाने पर तत्काल उन्हें लगाने और ‘रजिस्टर ऑफ फाइल’ तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्टोर रूम (सीवीओ एवं डीआरडीए) में केवल आवश्यक फाइलें रखने, अनुपयोगी फाइलें हटाने तथा गेट पर सामग्री सूची चस्पा करने के आदेश दिए गए।
सीडीओ ने डीईएसटीओ कंप्यूटर रूम में फाइलों को व्यवस्थित करने और पर्याप्त कंप्यूटरों की मांग भेजने को कहा। कक्ष संख्या-4 के पटल सहायकों को अपने-अपने टेबल पर नाम पट्टिका लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कक्ष संख्या 9, 19, 20 और स्टोर रूम में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा कक्ष संख्या-8 (एई एमआई) में पर्दे लगाने के निर्देश दिए गए। कक्ष संख्या-5 (डीआरडीए हॉल) में फाइलों को वर्षवार और विधानसभावार व्यवस्थित करने, पुरानी अलमारियों और फाइलों की बीडिंग कर नीलामी कराने के आदेश भी दिए गए।
सीडीओ ने विकास भवन और मनरेगा कार्यालय की लॉबी को बंद कर खाली स्थान का कार्यालयी उपयोग सुनिश्चित करने, छत पर लगे सोलर पैनलों की नियमित सफाई कराने तथा वाटर टैंक के खराब ऑटो-कट सिस्टम को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य गेट पर नोटिस बोर्ड लगाने, एनआरएलएम गेट पर बोर्ड स्थापित करने और डीसी चैंबर में विभागीय लोगो लगाने को कहा गया।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
