महाशिवरात्रि 2026 आज: महादेव बनेंगे दूल्हा, विदेशी फूलों से होगा शृंगार

सिद्धनाथ मंदिर में फलहारी भंडारे का आयोजन, शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

कानपुर : महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को शहर के शिवालयों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इस अवसर पर महादेव को दूल्हे के रूप में सजाया जाएगा। मंदिरों में विशेष श्रृंगार, भोग-आरती और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी पूरी कर ली गई है। महादेव को पगड़ी पहनाकर विदेशी फूलों से शृंगार किया जाएगा, वहीं भक्तों के लिए फलहारी प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की गई है।

परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर दिन में तीन बार भोग-आरती के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए प्रतीक्षा करनी होगी। दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक और शाम 7:30 बजे से 8:30 बजे तक मंदिर के पट भोग-आरती के लिए बंद रहेंगे। इसी तरह जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भी दोपहर 12 बजे आधे घंटे के लिए भोग-आरती के दौरान दर्शन बंद रहेंगे।

यह भी पढ़े - बागपत में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप; जांच जारी

शनिवार से ही शुरू हुए आयोजन

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर में शनिवार से ही धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। जागेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजन किया गया, वहीं स्वरूप नगर स्थित शिव मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। सिद्धनाथ घाट पर भजनों के बीच बाबा का आह्वान किया गया, जबकि पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई।

शिवालयों में विशेष शृंगार

रविवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों—आनंदेश्वर, सिद्धनाथ, नागेश्वर महादेव और स्वरूप नगर घंटाघर शिव मंदिर—में महादेव का विशेष शृंगार किया जाएगा। कई मंदिरों में बाबा को दूल्हे के रूप में सजाया जाएगा। सिद्धनाथ मंदिर को गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

विवाह की रस्में और मंगल गीत

जागेश्वर महादेव मंदिर में विवाह की पारंपरिक रस्में संपन्न हुईं। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और महादेव को मेहंदी व हल्दी लगाकर विशेष शृंगार किया गया। बाबा को पगड़ी पहनाई गई और जयघोष के बीच भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

251 दीपों की विशेष आरती, लाखों भक्तों के लिए भंडारा

महाशिवरात्रि पर जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट पर मां गंगा सेवा समिति की ओर से विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। बाल योगी अरुणपुरी चैतन्य जी महाराज ने बताया कि इस अवसर पर 251 दीप गंगा में प्रवाहित किए जाएंगे और गंगा अभिषेक भी किया जाएगा। आश्रम परिसर में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के लिए फलहारी प्रसाद की व्यवस्था की गई है। यह भंडारा पूरे दिन चलता रहेगा।

महाशिवरात्रि पर शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन और मंदिर समितियों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.