- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- कानपुर में घरेलू विवाद में सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की हत्या की
कानपुर में घरेलू विवाद में सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की हत्या की
कानपुर, फरवरी। उत्तर प्रदेश के कानपुर में घरेलू विवाद के चलते एक सेवानिवृत्त केस्को कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही गांव की है।
घटना के बाद आरोपी स्वयं घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रामप्रकाश पांच वर्ष पूर्व केस्को से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हुआ था। वह पत्नी के साथ रह रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। रविवार रात से ही पति-पत्नी के बीच कहासुनी चल रही थी, जो सोमवार सुबह गंभीर विवाद में बदल गई।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। मृतका के बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास सामने आया है। वह वर्ष 1985 में एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुराने मामलों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आरोपी के विभिन्न नामों के उपयोग को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
