बलिया में दिनदहाड़े युवक की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क जाम कर ग्रामीणों का विरोध

बलिया : रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा चट्टी पर स्थित देशी शराब की दुकान के पास शुक्रवार को विवाद के दौरान बदमाशों ने दिनदहाड़े चाकू से गोदकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गुरगुजपुर निवासी 40 वर्षीय सत्यप्रकाश के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संवरा चट्टी पर किसी बात को लेकर हुए वाद-विवाद के दौरान आरोपितों ने सत्यप्रकाश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर संवरा चट्टी के पास बलिया–मऊ राजमार्ग को जाम कर दिया।

यह भी पढ़े - कानपुर में घरेलू विवाद में सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की हत्या की

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता और रसड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त कराया गया।

मृतक के भाई ओमप्रकाश ने संवरा गांव के तीन नामजद व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.