- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- बाराबंकी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया
बाराबंकी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया
देवा (बाराबंकी) : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता इंद्रसेन ने बताया कि उन्हें ससुराल पक्ष से फोन कर नीलम की अचानक तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। करीब एक घंटे बाद उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली। ससुराल पहुंचने पर परिजनों ने नीलम के गले पर निशान देखे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, देवा कोतवाली प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी तथा विशुनपुर चौकी प्रभारी संजय प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतका के पति विजय ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब चार बजे वह काम पर जाने के लिए उठा तो नीलम उसके पैरों के पास लेटी हुई थी। जगाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
