- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, बलिया डीएम ने दिए सख्त निर्देश
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, बलिया डीएम ने दिए सख्त निर्देश
बलिया : 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सचल दल, केंद्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, शौचालय, विद्युत तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर मेन गेट, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरे, घंटी, पंखे और प्रकाश व्यवस्था की जांच करें। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश एवं निकास के लिए केवल एक ही निर्धारित प्वाइंट होगा, जहां सीसीटीवी कैमरा लगाया जाना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग खराब है तो उसकी सूचना तत्काल दी जाए, ताकि समय रहते मरम्मत कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों पर बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि सभी तैयारियां बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार पूर्ण कर ली गई हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
