Pratapgarh News: जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बेहतर इलाज का निर्देश दिया

प्रतापगढ़। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर प्रतापगढ़-अमेठी सीमा के धरौली मधुपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार मैनपुरी के रोडवेज कर्मी, उनके पिता और बहू की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत 10 अन्य स्नानार्थी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) दुर्गेश कुमार सिंह, और एसडीएम (सदर) शैलेंद्र वर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और सीएमएस को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

घायलों का हालचाल लिया

अस्पताल में भर्ती घायलों में शिवम गुप्ता, उनके दोनों बच्चे और पत्नी शामिल हैं। इसके अलावा डीसीएम सवार अन्य घायलों में वासुमति (प्रतापपुर बखिरा), वृंदावती (दुधारा बस्ती), फभौती (मंझरिया पठान, संत कबीर नगर), मंजू और सोनमती (बखरिया मेहदावल) का भी इलाज चल रहा है। डीएम ने एसडीएम को अस्पताल में रहकर सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।

एम्स रायबरेली रेफर किए गए गंभीर घायल

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शिवम, राम अंजोर, शीतल और उनके बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली रेफर किया गया। डीएम ने कहा कि दुर्घटना अत्यंत दुखद है। प्रशासन ने सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

प्रशासन की तत्परता से बची कई जानें

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि सभी घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को इलाज की सभी सुविधाएं मुहैया कराने का सख्त निर्देश दिया। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.