- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- नोएडा
- UP News: नोएडा में पूर्व आईएएस से 1.91 लाख रुपये की साइबर ठगी
UP News: नोएडा में पूर्व आईएएस से 1.91 लाख रुपये की साइबर ठगी
नोएडा। सेक्टर-15ए में रहने वाले एक सेवानिवृत्त पूर्व आईएएस अधिकारी से ओवरस्पीडिंग के फर्जी ई-चालान के नाम पर 1.91 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर रकम ट्रांसफर कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जालसाजों ने पीड़ित से वाहन का नंबर पूछकर एक फॉर्म भरवाया और 500 रुपये का जुर्माना बताया। पीड़ित ने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया और लिंक पर क्लिक कर कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी। इसके कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर संदेश आया कि क्रेडिट कार्ड से 1,91,417 रुपये की राशि कट गई है।
पीड़ित ने तत्काल ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क किया और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी ने लेनदेन को उपभोक्ता की ओर से किया गया बताते हुए रकम वापस करने से इनकार कर दिया।
साइबर अपराध थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
