बलिया में तिरंगे में लिपटा एसएसबी जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बलिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान शंभूनाथ सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव इब्राहिमाबाद (बैरिया क्षेत्र) पहुंचा, जहां शोक की लहर दौड़ गई। जवान का अंतिम संस्कार पचरुखिया गंगा तट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान एसएसबी के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।

इब्राहिमाबाद गांव निवासी ददन सिंह के पुत्र शंभूनाथ सिंह (35) एसएसबी की 41वीं बटालियन में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तैनात थे। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, 31 जनवरी को परेड में शामिल होने के दौरान वह अचानक गिर पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक फरवरी की तड़के उनकी मृत्यु हो गई।

यह भी पढ़े - यूजीसी के नए नियमों पर रोक का यूपी में स्वागत, वाराणसी में जश्न और हनुमान चालीसा पाठ

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी के जवान सोमवार सुबह पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे। शव के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां मलावती देवी, पिता ददन सिंह और पत्नी पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी पूजा देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। जवान के 10 वर्षीय पुत्र निखिल और 8 वर्षीय पुत्र यश पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर रोते रहे, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

शंभूनाथ सिंह छह भाइयों में चौथे थे और वर्ष 2010 में एसएसबी में भर्ती हुए थे। अंत्येष्टि के दौरान एसएसबी जवानों ने शस्त्र उल्टे कर अंतिम सलामी दी। जवान के बड़े पुत्र निखिल सिंह ने मुखाग्नि दी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.