संभल की भाजपा जिला मंत्री मीनाक्षी सागर ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में हुईं शामिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जिले की भाजपा जिला मंत्री मीनाक्षी सागर ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस अवसर पर मीनाक्षी सागर ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला, दलित, मजदूर, गरीब और किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रही है तथा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़े - कानपुर : फेसबुक से मिली प्रेमी की मौत की खबर, सदमे में प्रेमिका ने भी की आत्महत्या

मीनाक्षी सागर चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से आती हैं और वह एसएम कॉलेज, चंदौसी में प्रोफेसर हैं। कांग्रेस में शामिल होते समय संभल के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संविधान की रक्षा, सामाजिक सौहार्द और सभी वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर के विचारों पर चलते हुए सभी वर्गों को सम्मान देती है।

इस मौके पर संभल शहर अध्यक्ष शिव किशोर गौतम, चंदौसी के पूर्व नगर अध्यक्ष मुनेश कुमार जोशी सहित कांग्रेस के अन्य नेता भी उपस्थित थे। मीनाक्षी सागर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी के कार्यकाल से अब तक जिला मंत्री के पद पर थीं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.