- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- कानपुर की मूकबधिर युवती ऑपरेशन के बाद बोलने लगी, कहा- ‘थैंक्यू योगीजी’
कानपुर की मूकबधिर युवती ऑपरेशन के बाद बोलने लगी, कहा- ‘थैंक्यू योगीजी’
कानपुर/लखनऊ। जन्म से मूकबधिर रही कानपुर की 19 वर्षीय खुशी गुप्ता अब सुनने और बोलने लगी है। ऑपरेशन के बाद उसके मुंह से निकले पहले शब्द थे— “थैंक्यू योगीजी।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप से हुए इलाज के बाद खुशी की जिंदगी में यह बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर खुशी का इलाज शुरू कराया गया। जांच में डॉक्टरों ने कोक्लियर इम्प्लांट की सलाह दी। सरकारी सहयोग और संबंधित विभागों की मदद से 26 जनवरी 2026 को उसका कोक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा। इसके बाद खुशी ने सुनना शुरू कर दिया है और धीरे-धीरे बोल भी रही है। डॉक्टरों के अनुसार, नियमित स्पीच थेरेपी से वह आने वाले महीनों में सामान्य रूप से बातचीत करने लगेगी।
खुशी के पिता कल्लू गुप्ता ने बताया कि बेटी अब छोटे बच्चे की तरह भाषा सीख रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करती रहती है। खुशी मुख्यमंत्री की तस्वीरें बनाती है और उनसे दोबारा मिलने की इच्छा जताती है।
खुशी की मां गीता ने कहा कि ऑपरेशन के बाद उनकी बेटी अब बोलकर अपनी जरूरतें बता पा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार को कभी उम्मीद नहीं थी कि बेटी सुन और बोल सकेगी। मुख्यमंत्री के सहयोग से उनकी बेटी का भविष्य अब उज्ज्वल दिखाई दे रहा है।
