शक के चलते प्रेमी ने विवाहिता प्रेमिका की बेरहमी से हत्या, सीसीटीवी से हुआ खुलासा

मुजफ्फरनगर। जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। खतौली कोतवाली क्षेत्र में शक के चलते एक प्रेमी ने अपनी विवाहिता प्रेमिका की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला को नींद की गोली देकर बेहोश किया और फिर गला व नाक दबाकर उसकी जान ले ली। बाद में शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

14 जनवरी को गंग नहर के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के मुंह पर टेप लगी होने के कारण पुलिस को शुरू से ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी पहचान कराने के प्रयास किए गए। बाद में मृतका की पहचान कस्बा खतौली निवासी ममता (45) पत्नी कृष्ण पाल उर्फ कालिया के रूप में हुई।

यह भी पढ़े - UPSC 2025 : बलिया के रवि शेखर सिंह ने हासिल की 176वीं रैंक, तीसरे प्रयास में मिली सफलता

जांच में सामने आया कि ममता घरों में चौका-बर्तन और खाना बनाने का काम करती थी। इसी क्रम में वह संदीप नामक व्यक्ति के घर भी खाना बनाने जाती थी। संदीप की पत्नी का वर्ष 2012 में निधन हो चुका था। इसी दौरान ममता और संदीप के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

पुलिस के अनुसार, समय के साथ संदीप को ममता पर शक होने लगा था। उसे संदेह था कि ममता किसी और से भी फोन पर बात करती है और उससे पैसों की मांग करती रहती है। यही शक और नाराजगी धीरे-धीरे हत्या की वजह बन गई।

पुलिस ने बताया कि 14 जनवरी को जब ममता संदीप के घर खाना बनाने पहुंची, तो आरोपी ने चाय में नींद की गोली मिलाकर उसे पिला दी। चाय पीने के बाद ममता गहरी नींद में चली गई। इसके बाद संदीप ने उसकी छाती पर बैठकर दोनों हाथों से गला और नाक दबा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद भी उसने मृतका के चेहरे पर टेप लगा दी, ताकि सांस लेने की कोई संभावना न रहे।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। रात के अंधेरे में वह शव को ठेली पर रखकर गंग नहर की ओर ले गया। इसी दौरान मोहल्ले में लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे में वह ठेली पर शव ले जाते हुए कैद हो गया। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।

पूछताछ में संदीप ने बताया कि ममता का वजन अधिक होने के कारण वह शव को नहर में नहीं फेंक सका। इसके बाद उसने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बेडशीट, थैली, हैंडबैग, मृतका का पहचान पत्र, नशीली टैबलेट और वह ठेली भी बरामद कर ली, जिससे शव को ले जाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला और नाक दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की हत्या स्मदरिंग के जरिए की गई थी। आरोपी संदीप ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.