- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मेरठ
- मेरठ में रिटायर्ड पिता पांच माह तक बेटी के शव के साथ रहा, घर से मिला कंकाल
मेरठ में रिटायर्ड पिता पांच माह तक बेटी के शव के साथ रहा, घर से मिला कंकाल
मेरठ। सदर क्षेत्र के तेली मोहल्ले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड क्लर्क उदय भानु विश्वास (76) अपनी शिक्षिका बेटी प्रियंका विश्वास (34) के शव के साथ कई महीनों तक घर में ही रहता रहा। शुक्रवार को रिश्तेदारों की सूचना पर पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो बेड पर बेटी का शव कंकाल में तब्दील मिला।
घर पहुंचने पर सख्ती से पूछताछ में उदय भानु ने बताया कि बेटी का शव घर के अंदर है। यह सुनते ही परिजन सन्न रह गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां कूड़े का ढेर लगा था और बेड पर प्रियंका का शव पड़ा था, जो पूरी तरह कंकाल बन चुका था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रियंका की मौत करीब पांच महीने पहले हुई थी। वह कंप्यूटर विषय की शिक्षिका थी। पुलिस को घर से परफ्यूम की कई बोतलें भी मिली हैं। आशंका है कि पिता घर में उठ रही दुर्गंध को छिपाने के लिए परफ्यूम का इस्तेमाल करता था।
पुलिस पूछताछ में उदय भानु ने बताया कि प्रियंका को काला पीलिया हो गया था। वह उसका झाड़-फूंक से इलाज करा रहे थे, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह करीब दो महीने तक शव के साथ घर में ही रहा। बाद में वह देहरादून चला गया और कुछ समय पहले लौटकर वापस आया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उदय भानु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2013 में प्रियंका की मां शर्मिष्ठा ने इसी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से प्रियंका गहरे सदमे में रहती थी। पूरे मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
