- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अलीगढ़
- चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान के बेटों की फायरिंग, युवक गंभीर; जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती
चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान के बेटों की फायरिंग, युवक गंभीर; जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती
अलीगढ़। खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडला में शनिवार देर रात पुरानी चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व प्रधान के बेटों पर एक युवक पर तमंचे से फायरिंग करने का आरोप है। गोली युवक के गले और हाथ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात प्रमोद तेहरा मोड़ के पास मौजूद था, तभी सागर अपने भाई के साथ वहां पहुंच गया। पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान तमंचा निकालकर प्रमोद पर फायरिंग कर दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, मौके पर करीब दो राउंड गोलियां चलाई गईं। एक गोली प्रमोद को लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, इंस्पेक्टर क्राइम रितेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुट गए।
पुलिस ने मामले में आरोपी युवकों के पिता और पूर्व प्रधान वीनू को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गांव के लोगों से भी पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
सीओ खैर संजीव तोमर ने बताया कि शुरुआती जांच में घायल और आरोपी पहले दोस्त बताए जा रहे हैं। पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना सामने आई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
