- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, बोर्ड हटाकर नर्सिंग होम संचालिका फरार
बलिया में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, बोर्ड हटाकर नर्सिंग होम संचालिका फरार
बलिया। नगरा ब्लॉक क्षेत्र के करनी बाजार स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद नर्सिंग होम का बोर्ड हटाकर संचालिका फरार हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही संचालिका ने 50 हजार रुपये जमा कराए और मऊ से बुलाए गए एक चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन शुरू कराया गया। आरोप है कि पर्याप्त सुविधा और विशेषज्ञता के अभाव में किए गए ऑपरेशन के दौरान ही महिला की मौत हो गई। कुछ ही देर बाद नवजात ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद अस्पताल संचालक और उसके सहयोगी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि अस्पताल का बोर्ड हटाकर गेट पर ताला बंद कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने कथित चिकित्सक, नर्सिंग होम संचालिका और संबंधित आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
