- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- 26 साल बाद खुला फर्जी प्रमाणपत्र का मामला, बलिया में बेसिक शिक्षक बर्खास्त
26 साल बाद खुला फर्जी प्रमाणपत्र का मामला, बलिया में बेसिक शिक्षक बर्खास्त
बलिया। फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर परिषदीय शिक्षक की नौकरी पाने वाले शिवनाथ यादव को बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) मनीष कुमार सिंह ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मामला मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद सामने आया, जिसकी विभागीय जांच में गंभीर अनियमितता उजागर हुई।
इनके खिलाफ खूंटा बहोरवां निवासी अजीत यादव ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि शिक्षक ने फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए नौकरी प्राप्त की है। विभागीय जांच में शिकायत सही पाई गई और प्रमाणपत्र कूटरचित पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षक ने करीब 26 वर्षों तक नौकरी करते हुए वेतन और अन्य मदों में सरकारी धन का लाभ उठाया।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आरोप प्रमाणित होने के बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विभाग अब इस मामले से जुड़ी अन्य संभावित अनियमितताओं की भी गहन जांच कर रहा है।
